मंगलवार, 13 सितंबर 2016

तू खास है, ये यक़ीन रखना


तू खास है, ये यक़ीन रखना 
वो पास है, ये यक़ीन रखना
उसे तेरे दिल की धड़कनों का 
एहसास है, ये यक़ीन रखना


तेरी खुशी से वो खुश ही होता 
रोने पे तेरे है वो भी रोता
तेरी उदासी को देख वो भी
उदास है, ये यक़ीन रखना


 ये हाथ तेरे , करम जो उसका 
बस इक भलाई, धरम जो उसका 
ये खूबसूरत जहान उसका 
लिबास है, ये यक़ीन रखना 


काँटों के साये गुलाब खिलता
खुशी न मिलती, जो ग़म न मिलता 
हर इक ज़िन्दगी ग़म और खुशी का 
इतिहास है , ये यक़ीन रखना


इस रात की भी सहर तो होगी 
ख़ुदा को तेरी खबर तो होगी 
हर सब्र के इन्तिहां में होती 
मिठास है , ये यक़ीन रखना
                - शुकदेव पटनायक " सदा  "

अपनी सोच सयानी हो


अपनी सोच सयानी हो ,
 ना कोई नादानी हो  
कोई पनघट रहे न प्यासा,
सब खेतों को पानी हो


कहीं तो बाढ़, कहीं है सूखा 
जनजीवन हर हाल में भूखा 
कुछ अपनी करनी का फल है 
नादां कहें ख़ुदा है रूठा
इन्सां रहम करे  कुदरत पे 
तो जीने की आसानी हो 


दूषित नदियाँ, उजड़ा वन है  
यह विकास या पागलपन है  
या फिर धरती हुई द्रौपदी 
अपनों से ही चीरहरण है  
शूरवीर बेटों के माँ की 
क्यों अबला सी कहानी हो 


निर्मल धरती और गगन  हो 
निर्मल जल हो, शुद्ध पवन हो 
धरती अपनी, हम धरती के 
स्वस्थ यहाँ का जनजीवन हो 
पर्यावरण को रखें संतुलित 
ना कोई मनमानी हो 
       - शुकदेव पटनायक  " सदा   " 

सोमवार, 12 सितंबर 2016

इक मुसाफिर जा रहा

इक मुसाफिर जा रहा
अपनी धुन में गा रहा
इन बदलती सूरतों को
आईना दिखला  रहा




गिद्ध का जयघोष है
कोयलियों   में रोष है
कल न कूकें बाग में 
 तो फिर ये किसका दोष है




कौन सा ये गाँव है
पेड़   है ना छाँव है
कोठियों की है बिसात
झोपड़ों का दाँव है




भीड़ की तनहाईयाँ
मातमी शहनाइयाँ
रिश्ते हैं या झील कंकड़
डोलती परछाइयाँ


पेड़ खा गया घास को
पवन उखड़ी साँस को
ओस  भी कैसे बुझाए 
बादलों की प्यास को


इक तो अंधी दौड़ है
उसपे अंधा मोड़ है
भीड़ है, सँकरी गली है
जीतने की होड़  है


कौरवों में जोश  है
भीष्म फिर खामोश है
फिर वही दरबार है
पर द्रौपदी मदहोश है


      - शुकदेव पटनायक " सदा  "



ज़िन्दगी को खेल हरदम,  ज़िन्दगी से खेल मत।
 ज़िन्दगी के संग हो ले, ज़िन्दगी को धकेल मत।।
लुत्फ़ गर लेना है तुझको ज़िन्दगी का ऐ "सदा"
 ज़िन्दगी को गुनगुना तु, ज़िन्दगी को झेल मत।।
        - शुकदेव पटनायक " सदा "

कुछ तो है


आईना कतरा रहा है, कुछ तो है
काग मीठा गा रहा है, कुछ तो है
धूप को भी क्यूँ पसीना आ रहा
ख़ौफ़ खुद घबरा रहा है, कुछ तो है


कूक उठती थी जो कोयल बाग में
सुर मिलाता उसी के राग  में
छोड़ कर अल्हड़ पतंगी डोर क्यूँ
बंदूकें लहरा रहा है, कुछ तो है


मखमली  सेजों पे जो सोया रहा
तख़्त के आगोश में खोया रहा
पालकी, रथ पे " सदा " जो था सवार
आज पैदल आ  रहा है, कुछ तो है



सरफ़रोशी  की तमन्ना दिल में थी
बस निगाहें जीत की मंज़िल पे थी
कदमों  पे  नज़रें  टिकाए  है खड़ा
और सर खुजला रहा है, कुछ तो है


हमसफ़र  था, हमनिवाला था मेरा
संग हँसने - रोने वाला था मेरा
अज़नबी लगता है जाने  आज क्यूँ
दिल ये डूबा जा रहा है,कुछ तो है


तुझपे  अपनी हर खुशी क़ुरबान कर
तेरे जीने का सभी सामान कर
घर के कोने में पड़ा बेजान सा
खुद से ही बतिया रहा है, कुछ तो है

               -  शुकदेव पटनायक " सदा "