शनिवार, 3 अक्टूबर 2009

PYAAR KI FASL

प्यार ही प्यार की फ़स्ल होगी यहाँ,
आंखों में आंसुओं की नमी चाहिए।
फूल ही फूल गुलशन में खिल जायेंगे,
रंजोगम सोख ले वो जमीं चाहिए॥
मैं जो मैं हूँ यहाँ, तुम जो बस तुम ही हो,
अब बहुत हो चुका ये सबब गम ही हो।
जिन किताबों से ये फासले ही बढ़ें,
उन किताबों की अब तो कमी चाहिए॥
तुम जो हिंदू मुसलमां या ख्रिस्तान हो,
जो भी हो मेरी नज़रों में इंसान हो।
तेरे मज़हब से मुझको है क्या वास्ता,
आदमी हूँ, मुझे आदमी चाहिए॥
साथ तूफान जो लाये वो बारिश न बन,
गर्द भर दे दिलों में वो गर्दिश न बन।
प्यास ओ गम के साए में गुजरी है रात,
अमन का हो सहर शबनमी चाहिए॥
ज़िन्दगी का सिपाही है आम आदमी,
लड़ते उम्र गुजारी है आम आदमी।
थक के देखो गिरा है वो रन बांकुरा,
हाथ कोई उसे मरहमी चाहिए॥